भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हुए दूसरे टेस्ट में बिना कोई गेंद खेले एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। हेगली ओवल में यह उनका 33वां टेस्ट मैच है और अपने करियर के सभी 33 टेस्ट उन्होंने अलग-अलग मैदानों पर खेले हैं। इसी क्रम में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है।
जायसवाल ने तीन साल पहले वेस्टइंडीज में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। डेब्यू के बाद लगातार अलग-अलग मैदानों पर सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने के मामले में उन्होंने संजय मांजरेकर के 1994 से चले आ रहे विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मांजरेकर ने भी अपने शुरुआती 33 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर खेले थे और उनका यह क्रम 34वें मैच में टूटा था, जब वे बेंगलुरु में खेलने उतरे थे।
इस सूची में सचिन तेंदुलकर ने अपने शुरुआती 32 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। जायसवाल पिछले मैच में सचिन की बराबरी कर चुके थे और अब उनसे आगे निकल गए हैं। इस मामले में जवागल श्रीनाथ और दिनेश रामदीन के नाम 24-24 मैदानों के साथ शामिल हैं।
