मुंबई पर 26/11 के आतंकी हमलों को आज 18 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन शहीदों को अब तक इंसाफ नहीं मिला है। भारतीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक हमलों के साजिशकर्ताओं में शामिल हाफिज सईद, जकी-उर-रहमान लखवी समेत छह आरोपी पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें पाकिस्तानी हुकूमत का संरक्षण मिल रहा है।

18 साल पहले आज के दिन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने कराची के समुद्री रास्ते से मुंबई में घुसकर ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, सीएसटी स्टेशन और नरीमन हाउस समेत कई ठिकानों को निशाना बनाया था। इन हमलों में 160 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और घायलों की तादाद भी असंख्य थी। हमलों के बाद जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब और बाद में डेविड हेडली के बयानों से यह साबित हो गया था कि इस पूरी साजिश को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और वहां की सेना की मिलीभगत के साथ अंजाम दिया गया था।

भारतीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक हाफिज सईद, लखवी और चार अन्य आरोपियों को कोई सजा नहीं काटनी पड़ रही है, उल्टा पाकिस्तानी हुकूमत ने उन्हें संरक्षण दे रखा है। अन्य आरोपियों में लश्कर का कमांडर साजिद मजीद उर्फ साजिद मीर, पाकिस्तानी सेना का रिटायर्ड मेजर अब्दुर रहमान हाशिम सैयद उर्फ पाशा और ISI के दो अधिकारी मेजर इकबाल और मेजर समीर अली के नाम शामिल हैं। हाफिज सईद को 2020 में अमेरिका के दबाव में 78 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन भारतीय खुफिया अधिकारियों का कहना है कि उसे ISI का संरक्षण मिला हुआ है। लखवी को 2021 में टेरर फंडिंग के आरोप में तीन-तीन पांच-पांच साल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन वह भी अब आजाद है। साजिद मीर को कथित तौर पर गिरफ्तार कर आठ साल की जेल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है कि वह कहां है। दो ISI अधिकारियों और एक पूर्व सैन्य अधिकारी के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

26/11 की साजिश मुख्य रूप से 10 आरोपियों ने रची थी, जिनमें से सात हमलों के वक्त पाकिस्तान में थे। जानकारी के मुताबिक अबू कहाफा, अबू अलकमा, मुजम्मिल, अबू अनस और अबू हमजा ने इन 10 आतंकवादियों को ट्रेनिंग और पनाह देने में अहम भूमिका निभाई थी और ये आतंकी भी पाकिस्तान में ही हैं। वहीं, भारतीय एजेंसियों ने दो साजिशकर्ताओं पर शिकंजा कसा है। NIA ने 2011 में अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली से अहम पूछताछ की थी, हालांकि अमेरिका ने उसे हिरासत में लेने की इजाजत नहीं दी। हेडली के दोस्त, पाकिस्तानी-कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा को पिछले साल अप्रैल में प्रत्यर्पित कर लिया गया और वह तिहाड़ जेल में बंद है। राणा से पूछताछ के आधार पर अधिकारियों ने पिछले साल जुलाई में 26/11 हमलों में एक नई चार्जशीट भी दाखिल की है।