मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों की आज 18वीं बरसी है। 60 घंटे तक चले इन हमलों में विदेशी नागरिकों सहित 166 लोगों की जान गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। बरसी के मौके पर मुंबई में शहीदों और निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी जा रही है।

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते से मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों ने शहर के कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज महल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल शामिल थे। आतंकवादियों ने इन स्थानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की और विस्फोट किए। कई जगहों पर लोगों को बंधक बनाया गया और सुरक्षा बलों के साथ लंबी मुठभेड़ हुई। मुंबई पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नौसेना के मरीन कमांडो और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब 60 घंटे बाद हमले को खत्म किया। इस दौरान कई सुरक्षाकर्मियों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

हमले में शामिल 10 आतंकवादियों में से अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था। मुकदमे के बाद नवंबर 2012 में उसे फांसी दे दी गई। हमले की साजिश में शामिल डेविड हेडली ने अमेरिकी अदालत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय अदालत में बयान दिया। वहीं, एक अन्य आरोपित तहव्वुर राणा को 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया। हालांकि, इन हमलों के कई प्रमुख साजिशकर्ता और आका अब भी भारत की पहुंच से बाहर हैं और माना जाता है कि उनमें से कई पाकिस्तान में मौजूद हैं।

हर साल की तरह इस बार भी मुंबई पुलिस मुख्यालय सहित हमले में निशाना बनाए गए स्थानों पर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी जाती है। मुंबईवासी 'प्रेरणा स्थल' पर भी इकट्ठा होते हैं, जहां सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की प्रतिमा है। उन्होंने दक्षिण मुंबई के गिरगांव चौपाटी पर लाठी से आतंकवादियों का मुकाबला किया था और कसाब को पकड़ने के दौरान शहीद हो गए थे। लश्कर-ए-तैयबा के हमलावर 10 आतंकवादियों को हिंदी सिखाने वाले जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जुंदाल के खिलाफ मुकदमा जारी है। वहीं, संबंधित आतंकवादी संगठन के सरगना हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी समेत छह अन्य साजिशकर्ताओं को भगोड़ा घोषित करने के आदेशों को तामील कराना अभी बाकी है। विशेष अदालत ने इसी साल जुलाई में छह फरार आरोपितों को भगोड़ा घोषित करने के आदेश जारी किए थे। इसी साल अगस्त और सितंबर में अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया था कि उसने गृह मंत्रालय से इन छह फरार आरोपितों को भगोड़ा घोषित करने के आदेश तामील कराने का अनुरोध किया है। हालांकि, गृह मंत्रालय ने अभी तक इस अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया है।