अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के दौरान हवाई यात्रा इस साल 16 साल का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। फ्लाइट-ट्रैकिंग एनीमेशन में पूरे देश के आसमान में हजारों विमान उड़ते दिखे हैं। टाम्पा की एयरनेव सिस्टम्स द्वारा साझा किए गए फुटेज में 23 से 24 नवंबर के बीच 12 घंटों के दौरान विमानों को एक-दूसरे को पार करते हुए दिखाया गया है।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, गुरुवार को होने वाले जश्न से पहले लाखों लोगों के हवाई सफर के कारण यह थैंक्सगिविंग पिछले 16 वर्षों में हवाई यात्रा के लिहाज से सबसे व्यस्त समय साबित होने का अनुमान है। एक्सिओस द्वारा FAA के आंकड़ों के विश्लेषण के मुताबिक, 23 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच देश भर में कम से कम 4,17,775 उड़ानें होने की उम्मीद है, जिनमें से अकेले मंगलवार को 52,000 से अधिक उड़ानें होंगी।

न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, यह 2025 की तुलना में थैंक्सगिविंग सप्ताह के दौरान होने वाली यात्राओं में 2.2 प्रतिशत की वृद्धि है, जबकि 2019 के महामारी-पूर्व हॉलिडे वीक की तुलना में यह 7.5 प्रतिशत अधिक है। इस साल के अनुमान से पहले 2019 का यही हफ्ता हालिया रिकॉर्ड था।

गौरतलब है कि कुछ हफ्ते पहले ही ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में खराबी के कारण पूरे देश में विमानों की आवाजाही रोक दी गई थी।