महाराष्ट्र के नागपुर में अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने संविधान रैली का ऐलान किया है। इस बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर सवाल पूछे जाने पर दीपके ने कहा कि जेन जेड को उसी पार्टी को वोट देना चाहिए, जो अच्छी शिक्षा और रोजगार की बात करे। उन्होंने कहा, 'जेन जेड को बस उसे ही समर्थन देना चाहिए, जो उन्हें अच्छी शिक्षा देगा, रोजगार देगा, अच्छा पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर देगा, अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं देगा। अब ये बाकी पार्टियों पर निर्भर करता है कि वो ये चीजें जेन जेड को मुहैया कराना चाहती हैं या नहीं।'
जब उनसे पूछा गया कि वह केंद्र में भाजपा के खिलाफ बात कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, रोजगार और पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात कर रहे हैं और जो इन मुद्दों पर काम करेगा, जेन जेड को उसी को वोट देना चाहिए।
दीपके पहले ही साफ कर चुके हैं कि सीजेपी यूपी चुनाव में नहीं उतरेगी और किसी भी दल को समर्थन नहीं दिया जाएगा। मंगलवार को छत्रपति संभाजीनगर में उन्होंने कहा था कि चुनाव युवाओं के मुद्दों पर होने चाहिए और राष्ट्रीय राजनीति रोजगार और शिक्षा पर केंद्रित होनी चाहिए। इससे पहले सीजेपी के अन्य नेताओं ने भी राजनीति में उतरने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि वे फिलहाल सिर्फ प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करना चाहते हैं।
दीपके ने गुरुवार को नागपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रैली की तैयारी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है और चुनावों में धांधली हो रही है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाया कि उन्हें जीतने वाले उम्मीदवारों और जीत के अंतर की सूची का केवल एक व्हाट्सऐप संदेश मिलता है और वह कठपुतली की तरह संवाददाता सम्मेलन में उसकी घोषणा कर देते हैं। सीजेपी आने वाले समय में मराठवाड़ा और विदर्भ के सूखाग्रस्त क्षेत्र का दौरा करने की तैयारी कर रही है, जबकि पार्टी के नेता लगातार सरकारी स्कूलों में भी पहुंच रहे हैं।
