संसद के आगामी सत्र को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 15 दिसंबर से पहले कभी भी सरकार संसद सत्र बुला सकती है। इस बीच केंद्र सरकार के मंत्रियों और सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों ने अपने यात्रा कार्यक्रम फिलहाल रोक दिए हैं। मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, संसद सत्र का कार्यक्रम जल्द घोषित हो सकता है, इसी आशंका में सांसदों को तैयार रहने को कहा गया है। हालांकि, सांसदों को यात्रा नहीं करने के संबंध में कोई औपचारिक निर्देश जारी नहीं किया गया है, लेकिन सत्र की घोषणा कम समय के नोटिस पर होने की संभावना को देखते हुए एक तरह की सहमति बनी है कि सभी सांसद उपलब्ध रहें। एक सांसद ने बताया कि सत्र कम समय के नोटिस पर बुलाया जा सकता है और संकेत दिया कि यह दिसंबर के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकता है।

इस बीच, मॉनशून सत्र को अभी तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया है। इसे लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। विपक्ष की ओर से सत्रावसान में देरी पर आपत्ति जताई गई है, जबकि सरकार ने इस देरी के कारणों को लेकर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने हालांकि कहा है कि मॉनसून सत्र का सत्रावसान न होने में कुछ भी असंवैधानिक नहीं है।

संसद सत्र को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच सरकार की कोशिश परिसीमन और संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की भी है। इन विधेयकों के जरिए 2029 तक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव है। केंद्र सरकार ने इन विधेयकों को पारित कराने के लिए विपक्षी दलों से संपर्क किया है और राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर समर्थन देने की अपील की है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की योजना है। सरकार ने यह भरोसा भी दिया है कि राज्यों का आनुपातिक प्रतिनिधित्व बरकरार रखा जाएगा।

प्रस्तावित संविधान संशोधन के तहत परिसीमन के बाद लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक किया जा सकता है। सरकार के मुताबिक, महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की दिशा में ये विधेयक जरूरी हैं। हालांकि, विपक्ष अपनी मांग पर कायम है कि राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन विधेयकों में स्पष्ट रूप से शामिल किए जाएं। कुछ विपक्षी दलों ने यह सुझाव भी दिया है कि महिलाओं के लिए आरक्षण लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या के आधार पर ही लागू किया जाए। संसद का नया सत्र बुलाने के लिए राष्ट्रपति की ओर से समन जारी किया जाना जरूरी होता है। आम तौर पर सांसदों को सत्र शुरू होने से कम से कम कुछ सप्ताह पहले इसकी सूचना मिलती है। हालांकि, सरकार मौजूदा मॉनसून सत्र को कम समय के नोटिस पर आगे बढ़ा सकती है। ऐसी स्थिति में राष्ट्रपति की ओर से नए समन की जरूरत नहीं होगी।