प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर ब्लॉग लिखकर विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल OBC आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहता है। मोदी ने लिखा कि संविधान निर्माता, खासकर डॉ. भीमराव आंबेडकर, इसके पूरी तरह खिलाफ थे। उन्होंने नारी शक्ति वंदन बिल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष के एक प्रमुख दल ने महिलाओं को आरक्षण देने के लिए लाए गए विधेयक को पारित नहीं होने दिया। पीएम ने कहा कि इससे साबित होता है कि उस दल के मन में संवैधानिक मूल्यों के प्रति कितना कम सम्मान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नारीशक्ति को न्याय दिलाने का संकल्प नहीं रुकेगा।
मोदी ने ब्लॉग में नक्सलवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दशकों तक देश के अनेक हिस्सों में, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में, नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को उन अधिकारों से वंचित रखा, जो संविधान ने उसे दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस साल नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है।
पीएम ने 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संशोधन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले संशोधन से नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई और यह देश के पहले आम चुनाव से कुछ महीने पहले किया गया। उनके मुताबिक, इसका मकसद विरोध की आवाज दबाना और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना था। उन्होंने कहा कि 42वें संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित की। मोदी ने आरोप लगाया कि तब की सरकारों ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल किया और एक राजनीतिक दल के नाम इसके इस्तेमाल का रिकॉर्ड है।
मोदी ने कहा कि संविधान निर्माताओं की इच्छा थी कि पूरे देश में संविधान अपने मूल स्वरूप में लागू हो, लेकिन अनुच्छेद 370 और 35-A के कारण 70 साल से ज्यादा समय तक जम्मू-कश्मीर में पूरा संविधान लागू नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि 2019 में इस अन्याय का अंत हुआ। पीएम ने अपनी सरकार के दौरान हुए 101वें, 102वें और 103वें संशोधनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे GST लागू करने का रास्ता खुला, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला और EWS को 10% आरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है।
