वैश्विक शक्ति संतुलन में बदलाव और संघर्ष के नए स्वरूपों के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज (एनडीसी) के 66वें पाठ्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक सैन्य खतरों के साथ-साथ अब साइबर हमले, दुष्प्रचार, आर्थिक दबाव, आपूर्ति श्रृंखला में बाधा और हाइब्रिड युद्ध के अन्य रूप भी सामने आ रहे हैं। आंतरिक और बाहरी सुरक्षा तथा शांति और संघर्ष के बीच की सीमाएं लगातार धुंधली हो रही हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की भौगोलिक स्थिति, लंबी जमीनी सीमाएं, समुद्री हित और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियां उसे जटिल रणनीतिक वातावरण में रखती हैं। ऐसे में चुनौती केवल तत्काल खतरों का जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उभरते जोखिमों का अनुमान लगाने और भविष्य के सुरक्षा माहौल के लिए संस्थानों को तैयार करने की भी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसले लेने वाले नेताओं के पास हमेशा सारी जानकारी और हर विकल्प पर विचार करने का समय नहीं होता, इसलिए विवेकपूर्ण निर्णय लेना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आईआईटी मद्रास के सहयोग से रणनीतिक नेतृत्व और लोक नीति में कार्यकारी एमबीए कार्यक्रम की शुरुआत महत्वपूर्ण कदम है। इससे राष्ट्रीय सुरक्षा के अध्ययन में प्रबंधन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी की विशेषज्ञता भी जुड़ी है। उन्होंने एआई, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, मानवरहित स्वायत्त वाहन, एयरोस्पेस तकनीक और सेमीकंडक्टर जैसी उभरती तकनीकों पर विशेष सत्र शुरू किए जाने तथा एआई पर विशेष पाठ्यक्रम की सराहना की।

रक्षा मंत्री ने सुझाव दिया कि एनडीसी रक्षा मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श कर हर पाठ्यक्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण और समसामयिक चुनौतियों की पहचान कर उनके गहन अध्ययन की व्यवस्था विकसित कर सकता है। इन विषयों में रणनीतिक पड़ोस, सीमा प्रबंधन, समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण तकनीकें, आर्थिक सुरक्षा, बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और आंतरिक व बाहरी खतरों का बदलता स्वरूप शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारत संप्रभुता के सम्मान, आपसी विश्वास और साझा जिम्मेदारियों के आधार पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग के पक्ष में है।