पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि राज्य को केंद्र सरकार से करीब 25 हजार करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में केंद्र सरकार बंगाल को एक लाख करोड़ रुपये की सड़क विकास परियोजनाएं देगी। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी पूर्व मेदिनीपुर के कोलाघाट में आयोजित एक कार्यक्रम में दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य का ध्यान दुर्घटनाओं को रोकने पर है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से कई सड़क और पुल परियोजनाओं पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।
इसके कुछ ही देर बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राज्य के लिए एक लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बंगाल के लिए इन परियोजनाओं का एलान किया।
गडकरी के अनुसार, ये परियोजनाएं पहले से चल रही 35 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं के अतिरिक्त होंगी।
