आगरा के जगदीशपुरा स्थित नगला अजीता में पति-पत्नी के झगड़े के बीच बचाव करने पहुंचे पड़ोसी किराएदार से धक्का-मुक्की के दौरान पति सीढ़ियों से गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
आगरा। घटना जगदीशपुरा के नगला अजीता की है। बुधवार सुबह 32 वर्षीय हरिओम का अपनी पत्नी किरन से झगड़ा हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हरिओम पत्नी को पीटने लगे। यह देख उसी मकान में किराए पर रहने वाला रामवीर वहां पहुंच गया और पति-पत्नी के बीच बचाव कराने लगा। रामवीर ने हरिओम को वहां से हटाने का प्रयास किया। आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान हरिओम सीढ़ियों से नीचे गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
हरिओम के स्वजन का आरोप है कि वह घायल हालत में एक घंटे तक वहीं पड़े रहे। विवाद की जानकारी होने पर पहुंचे पड़ोस के लोगों ने उन्हें एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां गुरुवार की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हरिओम के भाई सुमित ने बताया कि परिवार कालिंदी विहार में रहता है। हरिओम ट्रैवल एजेंसी की टैक्सी चलाते थे। उनकी शादी 12 वर्ष पहले कानपुर के कल्याणपुर निवासी किरन से हुई थी। कुछ वर्ष से वह पत्नी और दोनों बच्चों के साथ नगला अजीता में किराए पर रह रहे थे।
इंस्पेक्टर जगदीशपुरा अजय कुमार ने बताया कि मामले में फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
