गया के वजीरगंज प्रखंड में पिछले सप्ताह हुई बेमौसम बारिश ने मगही पान की खेती को भारी नुकसान पहुंचाया है। टूटने के लिए तैयार पत्तों पर काले दाग पड़ गए हैं, जिससे गुणवत्ता खराब हो गई और बाजार में कीमतें गिर गई हैं। किसानों के मुताबिक, दाग वाले पान बनारस की मंडी में भी नहीं बिक रहे हैं।
मगही पान अपनी मिठास, सुगंध और पतले पत्तों के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। वजीरगंज के पीपरा और जमुअवां गांव में इसकी बड़े पैमाने पर खेती होती है। दोनों गांवों के करीब दो सौ चौरसिया परिवार पान की खेती से जुड़े हैं और उनकी आजीविका इसी पर निर्भर है। पान उत्पादक संघ के अध्यक्ष अनुज चौरसिया और अन्य किसानों ने बताया कि कोठी में लगे पत्ते टूटने के लिए तैयार थे, लेकिन बारिश का पानी कोठी में चला गया और नमी के कारण पत्तों पर काले दाग पड़ गए। व्यापारी दाग वाले पत्ते लेने से इनकार कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि अब पान स्थानीय बाजार में औने-पौने दाम पर बेचना पड़ेगा, जिससे लागत भी नहीं निकल पाएगी। कई किसानों ने कर्ज लेकर कोठी तैयार की थी और अब कर्ज चुकाना मुश्किल हो गया है। जमुअवां के किसान रामप्रवेश चौरसिया ने बताया कि एक कोठी तैयार करने में हजारों रुपये खर्च होते हैं और खाद, दवा, बांस, पुआल व मजदूरी पर बड़ी रकम लगती है।
किसानों ने फसल क्षति का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर मदद नहीं मिली तो कई परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच सकते हैं।
