गोरखपुर में गीडा और धुरियापार औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए 29 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 502.31 करोड़ रुपये की 104 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर होगा।

गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार के अनुसार, इन परियोजनाओं में 188.84 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण और 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। लोकार्पण वाली परियोजनाओं में 126.23 करोड़ रुपये लागत के 19 सिविल कार्य और 62.61 करोड़ रुपये के 21 विद्युत एवं अन्य कार्य शामिल हैं। वहीं, 272.30 करोड़ रुपये के 44 सिविल कार्यों और 41.18 करोड़ रुपये के 20 विद्युत एवं अन्य कार्यों का शिलान्यास होगा।

परियोजनाओं में सड़क संपर्क को प्रमुखता दी गई है। गीडा के सेक्टर-25 में नौ, 12 और 18 मीटर चौड़ी सड़कों के साथ नालियों और पुलियों का लोकार्पण होगा, जबकि सेक्टर-27 और 28 में 60 मीटर चौड़ी सड़क पर बने आरसीसी बाक्स कल्वर्ट की सुविधा शुरू होगी। धुरियापार के सेक्टर-5, 6ए, 7 और 8 में 30, 45 और 60 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण की शुरुआत होगी। बिजली आपूर्ति के लिए धुरियापार के सेक्टर-4 में 8.47 करोड़ रुपये से बने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण होगा और सेक्टर-5 में 9.20 करोड़ रुपये से नए उपकेंद्र का शिलान्यास किया जाएगा।

सीईओ के अनुसार, इन कार्यों से औद्योगिक इकाइयों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी और निवेश तथा रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।