मुंबई। चार दशक से अधिक समय से हिंदी और मराठी सिनेमा में सक्रिय अभिनेता अजिंक्य देव ने 85 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। प्रख्यात मराठी कलाकार रमेश देव और सीमा देव के बेटे अजिंक्य के लिए काम के नजरिए से यह साल अच्छा रहा। इस साल हिंदी में उनके तीन प्रोजेक्ट 'रामायणम्', 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' और वेब सीरीज 'ब्राउन' प्रदर्शित हुई।
'रामायणम्' में विश्वामित्र की भूमिका निभाने वाले अजिंक्य ने ऑडिशन दशरथ के रोल के लिए दिया था। वह बताते हैं कि करीब दो-तीन साल पहले कास्टिंग डायरेक्टर ने उन्हें फोन पर कहा था कि वह दशरथ के रोल के लिए अपना एक टेस्ट वीडियो भेज दें। लेकिन तब वह उतना खुश नहीं था, क्योंकि उस समय वह दो-तीन मराठी फिल्मों में केंद्रीय भूमिकाएं निभा रहा था।
अजिंक्य ने आगे बताया कि तब उनके पिता जीवित थे और उन्होंने उन्हें डांटा कि यह इतना अच्छा रोल है, उन्हें जरूर इसके लिए ऑडिशन देना चाहिए। फिर उन्होंने वीडियो भेजा। कई महीनों बाद उन्हें उनकी तरफ से फोन आया कि उन्हें दशरथ के रोल के लिए तो नहीं, लेकिन विश्वामित्र के रोल के लिए चुन लिया गया है।
मराठी सिनेमा से अभिनय सफर की शुरुआत करने वाले अजिंक्य अपने करियर में हिंदी और मराठी सिनेमा के बीच संतुलन बनाकर चले। वह कहते हैं कि वह खुद को कभी किसी भाषा की सीमा में नहीं बांधना चाहते। मराठी फिल्मों में उन्होंने अक्सर केंद्रीय भूमिकाएं निभाईं, जबकि हिंदी में केंद्रीय भूमिकाओं से लेकर अलग-अलग तरह की भूमिकाओं में खुद को आजमाया। उन्होंने हिंदी और मराठी के साथ-साथ तेलुगु और अंग्रेजी फिल्में भी की हैं।
