जयपुर में पुलिस की बताई जा रही एक पीसीआर वैन के अंदर युवकों के शराब पीने और रील्स बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो क्लिप में आरजे14 यूजी नंबर की गाड़ी दिखने का दावा किया जा रहा है, जिसमें वायरलेस सेट भी नजर आता है। वीडियो में युवकों के हाथों में बीयर की बोतलें दिखाई दे रही हैं। गाड़ी के भीतर दो और बाहर दो युवक नजर आते हैं, जिनमें से एक शख्स वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। रील में सलमान खान की फिल्म दबंग-2 का गाना सुनाई देता है, जबकि उस पर 'Happiest Birthday Betu' लिखा दिखता है और आशुतोष चक्रवर्ती नाम के अकाउंट को टैग किया गया है।

क्लिप के अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही यह तेजी से शेयर हो गई और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सोशल मीडिया यूजर्स जहां इस वीडियो को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं इस बात की भी तस्दीक की जा रही है कि यह वीडियो कब का है, किस लोकेशन पर बनाया गया और इसमें दिखाई दे रही गाड़ी का संचालन किस स्तर पर हो रहा था। पुलिस अधिकारियों के स्तर पर हर पहलू को खंगालने की बात कही जा रही है ताकि किसी तरह के भ्रम या अधूरे दावों के बजाय वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा के अनुसार, एसएमएस अस्पताल थाना क्षेत्र के सवाना बार के बाहर 13 सितंबर 2026 को सरकारी पुलिस वाहन में शराब पीने और वीडियो वायरल होने के मामले में तस्दीक के बाद पांच युवकों भव्य खंडेलवाल, आशुतोष चक्रवर्ती, गोपाल, मृणाल और अमन जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों पर बीएनएस की संबंधित धाराओं, आईटी एक्ट और पीडीपीपी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच मोतीडूंगरी थानाधिकारी मोहन लाल को सौंपी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व पारसमल जैन के सुपरविजन और सहायक पुलिस आयुक्त गांधीनगर नारायण बाजिया के निर्देशन में मोतीडूंगरी थानाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।