कल्कि पुराण के अनुसार, भगवान विष्णु के अंतिम अवतार कल्कि कलयुग में अधर्म और पाप का नाश करने के लिए जन्म लेंगे। पुराण में बताया गया है कि भगवान शिव उन्हें तीन दिव्य तोहफे देंगे, जिनमें एक दिव्य घोड़ा, रत्न जड़ित तलवार और शुक नाम का तोता शामिल होगा। इस तोते के पास भूत, वर्तमान और भविष्य का ज्ञान होगा और यह गरुड़ की रफ्तार से कहीं भी जा सकेगा।
कल्कि पुराण के मुताबिक, कलियुग में काली का प्रभाव बढ़ने और धर्म-कर्म कम होने पर देवता भगवान विष्णु की शरण में जाएंगे। इसके बाद भगवान विष्णु संभलगांव में विष्णुयशा और उनकी पत्नी सुमति के परिवार में कल्कि के रूप में जन्म लेंगे। पुराण में वर्णन है कि काली के प्रभाव को खत्म करने के लिए भगवान परशुराम कल्कि के गुरु बनेंगे और उन्हें वेद, पवित्र ज्ञान तथा युद्ध की शिक्षा देंगे। शिक्षा पूरी करने के बाद कल्कि भगवान शिव की भक्ति से उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
पुराण के अनुसार, शुक तोता भगवान कल्कि के लिए पक्षी से अधिक एक साथी की भूमिका निभाएगा, क्योंकि उसके पास शास्त्रों के ज्ञान के साथ भूत-भविष्य का भी ज्ञान होगा। कल्कि पुराण में यह भी बताया गया है कि भगवान कल्कि का विवाह सिंहल की राजकुमारी पद्मावती से होगा, जिन्हें देवी लक्ष्मी का रूप माना गया है। इसमें शुक की भी अहम भूमिका बताई गई है, जो सिंहल जाकर पद्मावती को कल्कि के बारे में बताता है।
कल्कि पुराण में आठ चिरंजीवियों का भी उल्लेख है, जिनमें हनुमान, परशुराम, अश्वत्थामा, राजा बलि, वेद व्यास, विभीषण, कृपाचार्य और मार्कंडेय ऋषि शामिल हैं। पुराण के मुताबिक, कल्कि का सामना काली का साथ देने वाली शक्तियों से होगा, जिनमें जुड़वा राक्षस कोका और विकोका अपनी जादुई ताकतों के लिए जाने जाते हैं। अंत में कल्कि उन्हें हरा देंगे।
