मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कार्यक्रम से पहले पुलिस को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें कॉन्सर्ट के दौरान IED धमाका करने की बात कही गई है। ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का जिक्र भी मिला है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

एक रिपोर्ट के अनुसार यह धमकी भरा ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को मिला है। इसमें मदावरा के NICE रोड स्थित मैदान में बम हमले की चेतावनी दी गई है। कॉन्सर्ट इसी मैदान में आगामी 29 नवंबर को होना है।

ईमेल में कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को भी चेतावनी दी गई है। उनसे कहा गया है कि वे बच्चों को साथ न लाएं, आईफोन पर आए फोन का जवाब न दें और मेट्रो से यात्रा करने से बचें। हालांकि, धमकी के बाद भी अभी तक कॉन्सर्ट कार्यक्रम में किसी तरह के बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है।

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत के कार्यक्रम को लेकर इस तरह की धमकियां मिली हैं। इससे पहले उनके इंदौर कॉन्सर्ट से पहले भी पुलिस को ऐसे ईमेल मिले थे। इंदौर के कार्यक्रम में बम विस्फोट की धमकी को लेकर मेयर ऑफिस, तीन बैंकों और तीन निजी स्कूलों को ई-मेल भेजे गए थे। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद इन संदेशों को पहली नजर में फर्जी बताया था। इंदौर कॉन्सर्ट से पहले मिली धमकियों का जवाब दिलजीत ने एक शेर के जरिए देने की कोशिश की थी। कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने कहा था कि 'हिंदुस्तान किसी के बाप का नहीं'।