अभिनेता संजय मिश्रा ने सोमवार को नैनीताल में कहा कि अभिनय की दुनिया में अब मंचों की कमी नहीं है। कलाकारों को मुंबई में बॉलीवुड का मुंह देखने की मजबूरी नहीं है। फेसबुक और यूट्यूब जैसे डिजिटल मंच प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए पर्याप्त हैं। इन मंचों के जरिए कई कलाकार फिल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में जगह बना चुके हैं।
शेरवुड कॉलेज पहुंचे मिश्रा ने कहा कि कला के लिए उम्र मायने नहीं रखती। युवा प्रतिभाओं के साथ उम्रदराज कलाकार भी यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर अपनी कला दिखा रहे हैं।
उन्होंने नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की और यहां शूटिंग की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों को यहां शूटिंग के लिए प्रेरित करना चाहते हैं।
शेरवुड कॉलेज को प्रतिष्ठित विद्यालय बताते हुए मिश्रा ने कहा कि यहां की शिक्षा से वह अभिभूत हैं और इसी कारण उनकी पुत्री यहां पढ़ रही है। इस मौके पर उनकी पत्नी किरन और अभिनेता आदिल भाई भी मौजूद थे।
