अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को 'कौन बनेगा करोड़पति' से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया है। पंजाब के संगरूर के वकील इंद्रजीत अरोड़ा का आरोप है कि वीडियो में पूछा गया सवाल राज्य की छवि खराब करता है। नोटिस में वीडियो हटाने और बिना शर्त माफी की मांग की गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अरोड़ा ने कथित तौर पर यह वीडियो तब देखा जब एक ग्राहक स्क्रीनशॉट और क्लिप के साथ उनके पास आया। क्लिप में कथित तौर पर अमिताभ बच्चन एक प्रतियोगी से 12 लाख 50 हजार रुपये के लिए सवाल पूछते दिख रहे हैं, जिसमें पूछा गया है कि किस राज्य में अपराधियों ने बिना किसी डर के पुलिस थानों पर बम हमले किए। अरोड़ा का आरोप है कि यह सवाल सामान्य ज्ञान जांचने के बजाय किसी खास राज्य की छवि खराब करने की कोशिश है।
वकील ने कहा कि उन्होंने स्पष्टीकरण मांगते हुए अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी दोनों को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने वीडियो को राष्ट्रीय मीडिया से तुरंत हटाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि अगर यह वीडियो शो के किसी असली एपिसोड का हिस्सा है, तो अभिनेता और संबंधित टीवी चैनल को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।
हालांकि वीडियो की सत्यता की अभी जांच होना बाकी है। इसे एआई वीडियो भी बताया जा रहा है। चैनल की तरफ से स्पष्टता आने पर ही इसकी जांच हो पाएगी।
