वाराणसी के नमोघाट पर रविवार को गंगा महोत्सव की तीसरी संध्या लोक संगीत और भक्ति के रंग में रंगी रही। मुक्ताकाशीय मंच पर लोक गायिका कल्पना पटवारी ने छठ गीत 'दर्शन मांगी ला' से शाम की शुरुआत की। इसके बाद शिवाष्टकम 'प्रभु प्राणनाथं, शम्भू विश्वनाथम' की प्रस्तुति दी। कबीर के निर्गुण 'कबीरा खड़ा बाजार में मांगे सबकी खैर' पर दर्शक भी स्वर मिलाने लगे। पारंपरिक पूर्वी और कजरी की तान के साथ उन्होंने 'बाबा दिहले टिकवा सेनहुरवा' गाया। अपने चर्चित गीत 'ए गणेश के पापा' और लोकगीत 'हे डोला, राजा महाराजाओं का डोला' से भोजपुरी माटी की खुशबू बिखेरी। युवाओं की फरमाइश पर 'झुमका झुलनिया हां हंसुली नथुनिया' और 'मेहरून कलर सड़िया' सुनाकर उन्होंने पंडाल में मौजूद लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। छठ के मार्मिक गीत 'काठ के रे नइयां गंगा जी के तीरवां' के बाद अंतिम प्रस्तुति 'बम बम बोल रहा है काशी' से वातावरण शिवमय हो गया।

आगरा से आईं तृप्ति नागर और उनके छह सदस्यीय समूह ने ब्रज के लोकनृत्य और संगीत की छटा बिखेरी। 'मेरे भोले का जयकारा गली-गली' और 'निर्मल-निर्मल नीरपाणी, मारी गंगा में महाराणी' पर मनमोहक नृत्य किया। 'मोरी मैया की चुनर उड़ी जाए, पवन धीरे-धीरे चलो' की प्रस्तुति ने ब्रज की गलियों को काशी के घाट पर जीवंत कर दिया।

गोरखपुर से आए वनटांगिया समुदाय के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दिल जीत लिया। सुगम सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में पायल, रिद्धिमा, रिंकी और ललिता ने भोजपुरी और राजस्थानी लोकनृत्य का अनूठा संगम पेश किया। 'निक लागेले टिकुलिया गोरखपुर के', 'रेशम का रुमाल' और 'सइयां मिले लरकइयां' जैसे गीतों पर उनके सधे कदमों ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। गोरखपुर की जगदीश्वर प्रिया लक्ष्मी ने भी लोकनृत्य से समां बांध दिया।

इससे पूर्व लोक गायिका रंजना राय ने 'कइसे शिव के मनाइब, शिव मानत नाहीं' और 'पटना से बैदा बुलाइदा दा, नजरा गईली' सुनाकर वाहवाही लूटी। गणेश पाठक, सरिता सेठ, डा. जान्हवी पांडेय, स्नेहा अवस्थी और अंशुमान महाराज (काशी रस वाद्य वृंद) सहित कुल 17 कलाकारों की प्रस्तुतियों ने तीसरी संध्या को यादगार बना दिया।