फिल्म 'हरे रामा हरे कृष्णा' का मशहूर गाना 'दम मारो दम मिट जाए गम' आज भी लोगों की जुबान पर है। यह गाना जीनत अमान पर फिल्माया गया था, जो एक ऐसा किरदार निभा रही थीं जो चिलम पीता है। गाने को बढ़ते 'हिप्पी कल्चर' की पृष्ठभूमि में शूट किया गया था, ताकि यह दिखाया जा सके कि ड्रग्स के बढ़ते इस्तेमाल से एक पूरी पीढ़ी बर्बाद हो रही है। फिल्म को आज से 55 साल पहले रिलीज किया गया था।
दिलचस्प बात यह है कि मूल रूप से यह एक डूएट सॉन्ग था। इसे लता मंगेशकर और उषा उत्थुप गाने वाले थे। लता जी को मुमताज की लाइन गानी थी और उषा उत्थुप को जीनत अमान वाला हिस्सा गाना था। लेकिन रिहर्सल के बाद उषा उत्थुप को दोबारा बुलाया ही नहीं गया। उषा उत्थुप ने खुद यह बात कपिल शर्मा के शो पर स्वीकार की थी। उन्होंने बाद में संगीतकार आर डी बर्मन से फोन पर पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें यह गाना देना पड़ा।
संगीतकार राहुल देव बर्मन की मूल योजना इस गाने को नशीले पदार्थों के विषय पर एक 'एंथम' के रूप में बनाने की थी, जिसमें नशे की हालत और सामान्य अवस्था के बीच का अंतर दिखाया जाए। लेकिन फिल्म के निर्माता-निर्देशक और मुख्य अभिनेता देव आनंद, जिनकी संगीत की अच्छी समझ थी, ने इस गाने के लिए आशा भोसले को लेने का सुझाव दिया। बाद में आशा भोसले ने इसे गाया और इसको लेकर काफी विवाद भी हुआ।
गाना भले ही युवाओं के बीच एंथम बन गया, लेकिन जिस तरह इसे नशीले पदार्थों के संदर्भ में फिल्माया गया, उससे लगा कि यह उन चीजों को ग्लैमराइज कर रहा है। बाद में इस गाने को बैन कर दिया गया था। बैन करने की वजह नशीली चीजों और हिप्पी लाइफस्टाइल को प्रमोट करना बताया जाता है। साथ ही गाने में कुछ सीन्स भी आपत्तिजनक माने गए। हालांकि बाद में यह गाना खासकर युवाओं के बीच खूब पसंद किया गया और पार्टियों की शान बन गया।
