तेलंगाना के विकाराबाद जिले में रविवार को एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बुग्गा रामेश्वरम के पास ट्रक ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो-रिक्शा के ड्राइवर और उसमें सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नागेश, चंद्रम्मा, पर्वतम्मा और सरिता के रूप में हुई है। ये सभी पेंडलिमुडुगु गांव के रहने वाले थे और ऑटो-रिक्शा से केरेली की ओर जा रहे थे।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए पास के सरकारी अस्पताल भेज दिया है और ट्रक के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में एक अन्य हादसे में एक प्राइवेट ट्रैवल बस के चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मनुबोलू चौराहे के पास बस का टायर फटने से ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से फिसलकर खेत में जा गिरी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

कर्नाटक के शिवमोगा में कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में नवविवाहित जोड़े की मौत हो गई। सागर रोड के पास रिंग रोड पर हुए इस हादसे में पति किरण जी (24) और पत्नी सौम्या (22) की मौके पर ही मौत हो गई। किरण शिवमोगा सिटी कॉर्पोरेशन में आउटसोर्स कर्मचारी थे और शादी के करीब डेढ़ महीने बाद ही यह घटना हुई। तुंगानगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस बीच, आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले में एक लोकप्रिय तेलुगु टेलीविजन शो के दो कॉमेडियन घायल हो गए, जब उनकी कार बिजली के खंभे से टकरा गई। पलाकोडेरू मंडल में पेन्नाडा अग्रहारम के पास हुआ यह हादसा उस समय हुआ जब कार काकीनाडा से भीमावरम जा रही थी। शो के सदस्य राइजिंग राजू और दोराबाबू को भीमावरम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।