विश्व हिंदू परिषद ने रणवीर कपूर अभिनीत फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' पर रोक लगाने की मांग की है। वीएचपी ने शनिवार को आरोप लगाया कि फिल्म में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और रावण का महिमामंडन किया गया है। परिषद ने फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से मांग की है कि फिल्म का प्रमाण पत्र तुरंत रद्द कर स्क्रीनिंग पर रोक लगाई जाए।
वीएचपी के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने आरोप लगाया कि फिल्म में राम कथा और भगवान राम के जीवन की घटनाओं से छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने राक्षसों को धरती से हटाने की प्रतिज्ञा ऋषि-मुनियों के आश्रमों के बाहर हड्डियां देखकर की थी, जो सीता हरण से पहले की घटना है, लेकिन फिल्म में इसे अपहरण के बाद दिखाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रावण को दलितों, शोषितों और वंचितों के उद्धारक के रूप में दिखाकर उसके प्रति सहानुभूति पैदा करने की कोशिश की गई है।
महा सचिव बजरंग लाल बागड़ा ने आरोप लगाया कि निर्माताओं ने महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण के कई प्रसंगों को तोड़-मरोड़कर पेश किया है। वीएचपी का कहना है कि फिल्म में अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह से मित्रता और केवट की भक्ति जैसी घटनाओं को जगह नहीं दी गई। परिषद ने कहा कि वह फिल्म को चुनौती देने के लिए कानूनी रास्ते तलाश रही है और सेंसर बोर्ड को अपने फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए।
बता दें, 5 नवंबर को रिलीज हुई यह फिल्म वैश्विक स्तर पर करीब 1,573 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर चुकी है, जिसमें से 879 करोड़ रुपए भारत में हुए हैं। चीन और रूस जैसे बड़े बाजारों में फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है। फिल्म का दूसरा पार्ट भी प्रस्तावित है।
