अभिनेता अनुपम खेर ने गूगल पर उनकी 400-500 करोड़ रुपये की नेटवर्थ दिखाए जाने के दावों पर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि जो संपत्ति उनके नाम बताई जाती है, उसका 10 परसेंट भी उनके पास नहीं है। अनुपम खेर ने यह बात 'द अनफिल्टर्ड आवर' में कही।

अभिनेता ने कहा कि गूगल पर नेटवर्थ के दावों को देखकर लोग मान लेते हैं कि वह बहुत अमीर हैं। उन्होंने कहा कि कभी-कभी उनका मन इन दावों पर मुकदमा करने का भी होता है। उनके मुताबिक, दोस्त ये दावे देखकर मजाक करते हैं कि उन्हें भी इस पैसे में से थोड़ा हिस्सा दे दिया जाए।

अनुपम खेर ने बताया कि उन्होंने 10 साल पहले किराए के घर में रहने का फैसला किया था और खुद को सब चीजों से आजाद कर लिया था। उनका कहना है कि उनका अपना एक ही घर है, जो शिमला में है और उन्होंने उसे अपनी मां के लिए लिया था। उन्होंने यह भी साफ किया कि किराए पर रहने का मतलब अपने लाइफस्टाइल या आराम से समझौता करना नहीं है।

अभिनेता ने बताया कि उनकी पत्नी किरण खेर सांसद बनने के बाद चंडीगढ़ शिफ्ट हो गई थीं, जिसके बाद उन्होंने अपनी मुंबई वाली प्रॉपर्टी आलिया भट्ट को बेच दी थी। उन्होंने कहा कि उसके बाद मुंबई में प्रॉपर्टी खरीदने की कोई और वजह उनके पास नहीं थी। अनुपम खेर का फिल्म इंडस्ट्री में 44 साल का करियर रहा है और उन्होंने 500 से ज्यादा हिंदी-इंग्लिश फिल्मों में काम किया है। वह जल्द ही फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान खुराना के पिता की भूमिका में नजर आएंगे, जो 27 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी।