मुजफ्फरनगर में 2013 के सांप्रदायिक दंगे से जुड़े डकैती और आगजनी के एक मामले में अदालत ने सोमवार को 15 आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार फुगाना थाना क्षेत्र के गांव फुगाना निवासी सलीम पुत्र समतुल्लाह ने मुकदमा दर्ज कराया था कि आठ सितंबर 2013 की रात हिंदू पक्ष के लोगों ने धार्मिक नारेबाजी करते हुए उनके घर पर हमला किया, धारदार हथियारों से लूटपाट की और आगजनी कर फरार हो गए। हमले में वह और उनके परिवार के लोग घायल हुए थे।

इस मामले में 25 से अधिक लोगों को नामजद और दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक उन्माद भड़काने और लूटपाट के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। इनमें 15 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी। अभियोजन पक्ष के मुताबिक एक आरोपी राजकुमार की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है।

अभियोजन पक्ष ने वादी सलीम, उनके दो भाइयों और अरविंद समेत पांच गवाह पेश किए, लेकिन सभी गवाह अपने बयानों से मुकर गए। बचाव पक्ष के अधिवक्ता राहुल चौधरी के अनुसार वादी और उनके दोनों भाइयों ने अदालत में गवाही दी कि उन्होंने घटना होते नहीं देखी और वे आठ सितंबर 2013 से पहले ही अपना गांव छोड़ चुके थे। गवाह अरविंद ने भी घटना के बारे में इनकार कर दिया।

अपर जिला एवं सत्र न्यायालय, फास्ट ट्रैक कोर्ट-प्रथम के न्यायाधीश ने साक्ष्य के अभाव में आरोपियों को दोषमुक्त करने का निर्णय सुनाया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता सौराज सिंह और राहुल चौधरी ने बताया कि गौरव वर्मा, सुमित, अजीत, गौरव पुत्र अमर पाल, नितिन, योगेश, पुष्पेंद्र, मोन्टी, विकास, योगेश, विनोद, पंकज शर्मा और जितेंद्र पुत्र वीर सिंह को बरी किया गया। एक अन्य आरोपी राकी के खिलाफ आईपीसी की धारा 153ए के तहत दो अलग पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिसमें उसे भी साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि 27 अगस्त 2013 को जानसठ के गांव कवाल में शाहनवाज की हत्या के बाद मलिकपुरा निवासी सचिन और गौरव की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद सात सितंबर 2013 को जानसठ के नंगला मंदौड़ में शोकसभा और पंचायत हुई थी, जिससे लौट रहे लोगों पर हमलों के बाद जिले में सांप्रदायिक दंगा भड़का था।