खतरों के खिलाड़ी 15 के विनर अविनाश मिश्रा ने टीवी एक्ट्रेस ईशा सिंह से ब्रेकअप की खबरों को कंफर्म कर दिया है। उन्होंने ब्रेकअप की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए ईशा और उनके परिवार से माफी मांगी है। अविनाश ने लोगों से अपील की है कि मामले को यहीं खत्म किया जाए और दोनों के परिवारों व दोस्तों को धमकाया न जाए।

अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह के ब्रेकअप की खबरें पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर चर्चा में थीं। बीते दिनों अविनाश ने एक क्लब में बेवफाई का गाना बजवाया था, जिसके बाद ईशा ने बिना नाम लिए सच सामने रखने की बात कही थी। ईशा के मुंहबोले भाई और बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट रजत दलाल ने भी अविनाश को खरी खोटी सुनाई थी। अब बढ़ते विवाद के बीच अविनाश ने खुद अलग होने की खबर पर मुहर लगाई है।

अपने बयान में अविनाश ने कहा कि डीजे गिग के दौरान उन्होंने एक गाना बजवाया था, जिसे लोगों ने गलत तरह से लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि इससे ईशा और उनके परिवार को कितना दुख हुआ और उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था। जो भी हुआ, उसके लिए उन्होंने माफी मांगी और कहा कि अगर किसी को दोष देना है तो उन्हें देना चाहिए, क्योंकि गलती उनकी है। उन्होंने ईशा से भी माफी मांगने की बात कही।

अविनाश ने लोगों से गुजारिश की कि मामले को यहीं खत्म किया जाए और इसे और न खींचा जाए। उन्होंने कहा कि यह दो लोगों के बीच की बात है, इसलिए उनके दोस्तों और परिवार को धमकाया न जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खुद पर काम करने और कई चीजें ठीक करने की जरूरत है, और जब वह ठीक होंगे तो वापस आएंगे। बता दें कि अविनाश और ईशा ने बिग बॉस 18 में हिस्सा लिया था और कुछ समय पहले अपने रिलेशनशिप को कंफर्म किया था, जिसके कुछ दिनों बाद दोनों ने एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया था।