मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की हल्दी रस्म सोमवार रात नदवां स्थित आवास पर धूमधाम से संपन्न हुई। समारोह में लोकगायक आर्यन बाबू ने प्रस्तुति दी। इस दौरान अनंत सिंह 'बड़ा रंगदार' गाने पर मूंछों पर ताव देते और गायक पर नोट उड़ाते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
समारोह में अनंत सिंह के तीनों बेटे और दोनों बेटियां एक साथ मंच पर नजर आए। उनकी पत्नी नीलम देवी भी मौजूद रहीं। परिवार के सदस्यों ने पीले रंग के परिधानों में हल्दी की रस्म में हिस्सा लिया, जबकि दुल्हन शिवांगी गुलाबी लहंगे में नजर आईं। रिश्तेदारों और मेहमानों ने मंच पर पहुंचकर दुल्हन को आशीर्वाद दिया। अनंत सिंह ने समारोह में पहुंचे शुभचिंतकों से मुलाकात की और उनकी बधाइयां स्वीकार कीं।
हल्दी समारोह में संगीत का कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें लोकगायक आर्यन बाबू की प्रस्तुति पर मेहमान झूमते नजर आए। इसी दौरान गायक पर नोट उड़ाए जाने लगे और मंच के आसपास नोटों की बारिश होने लगी। मेहमानों के खानपान का भी खास ख्याल रखा गया, जिसमें बनारस की मशहूर टिक्की चाट, मसाला डोसा और गोलगप्पे समेत कई व्यंजन परोसे गए।
शिवांगी की शादी 25 नवंबर को पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के नदवां गांव में होगी। बिहटा से सैन्य अधिकारी रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश की बरात पहुंचेगी। विवाह समारोह में करीब चार लाख लोगों के आने की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। हल्दी की रस्म पूरी होने के बाद अब परिवार और क्षेत्र के लोगों की निगाहें बुधवार को होने वाले विवाह समारोह पर टिकी हैं।
