अगर आपके पास ₹5 लाख की रकम है और आप इसे इक्विटी म्यूचुअल फंड में लगाना चाहते हैं, तो सामने दो विकल्प हैं—एसआईपी यानी हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम निवेश करना, और लंपसम यानी पूरी रकम एक साथ लगाना। दोनों तरीकों के अपने फायदे और जोखिम हैं। सवाल यह है कि लंबी अवधि में कौन सा तरीका ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।

एसआईपी में निवेशक तय अंतराल पर एक निश्चित रकम म्यूचुअल फंड में लगाता है। उदाहरण के लिए, हर महीने ₹10,000 की एसआईपी पांच साल तक चलने पर कुल निवेश ₹6 लाख होगा। हर किस्त पर उस समय की नेट एसेट वैल्यू (एनएवी) के हिसाब से यूनिट मिलती हैं। बाजार गिरने पर एक ही रकम में ज्यादा यूनिट मिलती हैं और चढ़ने पर कम। इसे रुपी कॉस्ट एवरेजिंग कहते हैं, जिससे पूरी रकम एक ही स्तर पर लगाने का जोखिम टल जाता है।

लंपसम निवेश में पूरी रकम एक ही बार में स्कीम में लगा दी जाती है। मान लीजिए किसी को ₹5 लाख का बोनस मिलता है और वह पूरी रकम इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश कर देता है, तो निवेश के दिन की एनएवी के आधार पर यूनिट मिल जाती हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि पूरी रकम पहले दिन से बाजार में रहती है और तेजी आने पर उसका पूरा फायदा मिल सकता है। लेकिन निवेश के तुरंत बाद बाजार गिरने पर पूरी रकम पर गिरावट का असर भी पड़ेगा।

नौकरीपेशा लोग जो हर महीने सैलरी से एक हिस्सा निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए एसआईपी अच्छा विकल्प हो सकता है। खासकर पहली बार म्युचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए, जो एक साथ बड़ी रकम लगाने का जोखिम नहीं लेना चाहते। वहीं, बोनस, विरासत या लंबे समय की बचत के रूप में बड़ी रकम मौजूद होने पर एकमुश्त निवेश पर विचार किया जा सकता है। यह उन निवेशकों के लिए बेहतर माना जा सकता है जिनका नजरिया लंबी अवधि का है और जो बाजार के उतार-चढ़ाव को समझते हैं।