महाराष्ट्र के जलगांव ज़िले के बालवाड़ी गांव के रहने वाले 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) में एक करोड़ रुपये जीते हैं। भूषण यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। उनके पिता मज़दूरी करते हैं और मां कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझती रही हैं। भूषण ने 2016 में पहली बार केबीसी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था और करीब दस साल बाद उनका यह सपना पूरा हुआ। उन्होंने सात करोड़ रुपये के सवाल का जवाब देने के बजाय एक करोड़ रुपये लेकर खेल छोड़ने का फ़ैसला किया। बाद में उन्हें पता चला कि सात करोड़ रुपये के सवाल को लेकर उनका अंदाज़ा सही था, लेकिन उन्हें इस फैसले का कोई पछतावा नहीं है। बातचीत में भूषण ने कहा कि केबीसी ने जो एक करोड़ जीतने का अवसर दिया, वो अमाउंट भी उनके लिए पर्याप्त है और इससे वह अपने पूरे जीवन में बदलाव ला सकते हैं।
भूषण के परिवार में चार लोग हैं- माता-पिता, वह खुद और छोटा भाई कुलदीप। उनके पिता अकेले कमाने वाले थे और परिवार भूमिहीन मज़दूर के तौर पर काम करता था। भूषण ने 12वीं तक की पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल से की और इसके बाद जलगांव के सरकारी संस्थान से आगे की पढ़ाई की। उन्होंने इतिहास में एमए किया है और फ़िलहाल राजनीति विज्ञान में एमए की पढ़ाई के साथ यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। भूषण के मुताबिक उनके पिता ने पांच साल की उम्र से ही काम करना शुरू कर दिया था। उनकी मां पढ़ी-लिखी नहीं हैं और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझती रही हैं। उनकी करीब आठ से नौ सर्जरी हो चुकी हैं। ऐसे में घर का ख़र्च चलाने के साथ मां के इलाज और बच्चों की पढ़ाई का ज़िम्मा भी पिता पर था।
भूषण बताते हैं कि जब वह 2016-17 में पढ़ाई के लिए घर से बाहर निकले, तब परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी कि उनकी पढ़ाई का ख़र्च आसानी से उठाया जा सके। उनकी मां घर के खर्च से थोड़े-थोड़े पैसे बचाकर सोना खरीदती थीं और जब भी भूषण को पढ़ाई के लिए पैसों की ज़रूरत होती, मां अपने गहने बेच देती थीं। अब एक करोड़ रुपये जीतने के बाद भूषण की पहली प्राथमिकताओं में मां के लिए गहने खरीदना है। वह कहते हैं कि समय आ चुका है कि उन्हें यह रिटर्न सूद समेत देना होगा, इसलिए वह निश्चित तौर पर पहले अपनी मां के लिए गहने खरीदेंगे।
भूषण कहते हैं कि केबीसी के मंच तक पहुंचने का सफ़र भी आसान नहीं था। जब शो की टीम ने उन्हें फोन करके मुंबई आने और उनके चयन की जानकारी दी, तब उनकी जेब में सिर्फ़ 24 रुपये थे। केबीसी की टीम प्रतिभागियों के आने-जाने और ठहरने का ख़र्च उठाती है, इसलिए भूषण को मुंबई पहुंचने की चिंता नहीं थी। वह कहते हैं कि जब वह मुंबई गए तो उनकी जेब में 24 रुपये थे और जब मुंबई से आए तब जेब में एक करोड़ 24 रुपये थे। भूषण के लिए यह सिर्फ़ पैसों का अंतर नहीं, बल्कि उनकी ज़िंदगी में आए एक बड़े बदलाव का प्रतीक है। केबीसी के मंच पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठना भी उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। भूषण बताते हैं कि वह महाराष्ट्र के एक छोटे से गांव से आते हैं, जिसकी आबादी करीब दो हज़ार है और उन्होंने कभी बड़े शहरों में ज़्यादा समय नहीं बिताया। वह खुद को थोड़ा इंट्रोवर्ट भी बताते हैं। ऐसे में जब उनके सामने अमिताभ बच्चन आए, तो वह घबरा गए थे। उनके मुताबिक उस समय उन्हें डर लग रहा था, उनकी हार्टबीट बढ़ चुकी थी, पैर थोड़े कांप रहे थे और उन्हें पसीना आ रहा था। हालांकि, भूषण के मुताबिक अमिताभ बच्चन शुरुआत के पांच-छह मिनट प्रतिभागियों से बातचीत करते हैं, ताकि वे सहज महसूस कर सकें और खेल पर ध्यान लगा सकें।
भूषण फिलहाल यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी के लिए अपने परिवार से दूर भुसावल के एक हॉस्टल में रहते हैं। उनका कहना है कि उन्होंने खुद से वादा किया था कि जब तक कुछ हासिल नहीं कर लेते, तब तक घर वापस नहीं लौटेंगे। भूषण बताते हैं कि एक समय उन्हें लगने लगा था कि उनकी पढ़ाई में लगातार रुक
