उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) को मंजूरी दे दी गई है। शासन की ओर से शनिवार को जारी अधिसूचना के जरिए राज्यपाल ने तत्काल प्रभाव से इसकी स्वीकृति दी। वे अब तक पुलिस महानिदेशक, पीएसी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर कार्यरत थे और अब उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

1995 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह ने 26 नवंबर को पुलिस महानिदेशक के पद से वीआरएस के लिए आवेदन किया था, जिसे ऑल इंडिया सर्विसेज रूल्स, 1958 के नियम 16(2) के अंतर्गत स्वीकृति दी गई है। उनका जन्म 24 जनवरी 1967 को हुआ था, इसलिए वे जनवरी 2027 में 60 वर्ष की निर्धारित आयु पूरी करने वाले थे, लेकिन आयोग के अध्यक्ष पद पर चयन के कारण उन्होंने तय समय से पहले ही सेवा से विदा ले ली। पुलिस सेवा में उनका करीब 31 वर्षों का कार्यकाल रहा है।

26 नवंबर को उन्हें उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नामित किया गया और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संविधान के अनुच्छेद 316(1) के अधीन इस नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण की तिथि से 23 जनवरी 2029 तक चलेगा। वे आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत का स्थान लेंगे, जो 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हो गए थे।

अलीगढ़ के मूल निवासी आलोक सिंह जनवरी 2020 में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने पर गौतमबुद्ध नगर के पहले पुलिस कमिश्नर बने थे। इसके अलावा उन्होंने मेरठ रेंज के आईजी और कानपुर जोन के एडीजी जैसे पदों पर भी काम किया। अपने करियर में उन्होंने सोनभद्र, बागपत, कौशांबी, रायबरेली, उन्नाव, सीतापुर, बिजनौर, कानपुर, मेरठ और बाराबंकी सहित 11 जिलों में पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी निभाई। बाराबंकी में तैनाती के दौरान उन्होंने नशीले पदार्थ बेचने वाले सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि 2014 में उन्हें कुछ समय के लिए तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के सुरक्षा प्रमुख के रूप में भी नियुक्त किया गया था। यह पद बाद में समाप्त कर दिया गया।

आलोक सिंह ने सिविल एविएशन विभाग में भी सेवा दी, जहां उन्होंने नेशनल कैरियर्स के लिए इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (ICAO) के दिशा-निर्देश लागू करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आगरा के सेंट जोसेफ स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की और आगरा यूनिवर्सिटी से गणित में बीएससी की डिग्री ली। इसके बाद रोहतक के केदारनाथ अग्रवाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से मार्केटिंग और फाइनेंस में एमबीए किया। वे इटली की विसेंज़ा यूनिवर्सिटी और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के किंग्स कॉलेज के फेलो भी रहे हैं। अगस्त 2017 में उन्हें डायरेक्टर जनरल का सिल्वर कमेंडेशन डिस्क और पिछले वर्ष गोल्ड कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया गया।