सर्दियों में घने कोहरे को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षित परिचालन की तैयारी की है। पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कोडरमा जंक्शन से होकर गुजरने वाली 20 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह रद रहेंगी। 26 जोड़ी ट्रेनों के परिचालन के दिनों में कटौती की गई है, जबकि दो ट्रेनों को आंशिक रूप से रद किया गया है। इसका असर कोडरमा से दिल्ली, कोलकाता और जम्मूतवी के बीच सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने से परिचालन में होने वाली परेशानी और संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए रेलवे ने यह एहतियाती कदम उठाया है। ग्रैंड कार्ड रेलखंड के कोडरमा से गया की ओर जाने वाले हिस्से में ट्रेनों की गति नियंत्रित रखने की व्यवस्था की गई है। कोडरमा से पहाड़पुर के बीच घाट सेक्शन में पहाड़ी और घने जंगलों के कारण कोहरा अधिक घना रहता है, इसलिए वहां संरक्षा नियमों के अनुसार ट्रेनें नियंत्रित गति से चलेंगी।

लोको पायलटों को जीपीएस युक्त फाग सेफ्टी डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उन्हें सिग्नल की दूरी की जानकारी मिलती रहती है। दृश्यता बहुत कम होने पर स्टेशन मास्टर फाग सिग्नल पोस्ट पर फागमैन तैनात करता है। इसके अलावा धनबाद रेल मंडल में 15 नवंबर से विंटर पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है, ताकि पटरियों में दरार या अन्य तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान की जा सके।

रद ट्रेनों के आरक्षित टिकटों पर नियमानुसार पूरा रिफंड मिलेगा। हालांकि लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनों में वेटिंग रहने के कारण दूसरी ट्रेनों में सीट मिलना यात्रियों के लिए चुनौती बनी हुई है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले एनटीईएस या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।