तेहरान: होर्मुज जलडमरूमध्य को महीनों से बंद रखने के बाद ईरान ने अब उत्तरी हिंद महासागर पर नियंत्रण का दावा किया है। ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने सरकारी मीडिया IRIB के मुताबिक कहा है कि ईरानी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से से लेकर उत्तरी हिंद महासागर तक के रणनीतिक समुद्री इलाके की निगरानी और सुरक्षा कर रही है। यह दावा ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के साथ ईरान का समुद्री तनाव बढ़ रहा है और वाशिंगटन ने तेहरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है।
एक्स पर एक पोस्ट में जनरल अकरमिनिया ने कहा कि ईरानी नौसेना पूरी मुस्तैदी से इस समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा कर रही है। उन्होंने पिछले युद्धों का जिक्र करते हुए कहा कि ईरानी नौसेना ने 67 दिनों के भीतर इराकी नौसेना को पछाड़ दिया था। वहीं एडमिरल ईरानी ने IRIB को दिए इंटरव्यू में कहा कि युद्ध के दौरान नौसैनिक नाकेबंदी का मतलब है कि अमेरिका यह संघर्ष पहले ही हार चुका है।
ईरानी सैन्य अधिकारियों ने दोबारा धमकी दी है कि इस क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को उसके नियमों के मुताबिक चलना होगा। होर्मुज जलडमरूमध्य पहले से बंद है और उत्तरी हिंद महासागर पर दावे का असर इस इलाके से तेल और गैस की सप्लाई पर पड़ सकता है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए इस रास्ते पर काफी निर्भर है। ईरान इस क्षेत्र में चीन और रूस के साथ संयुक्त नौसैनिक अभ्यास भी करता रहा है।
भारत खुद को हिंद महासागर क्षेत्र का प्रमुख सुरक्षा प्रदाता मानता है और इस क्षेत्र में नेविगेशन की स्वतंत्रता की नीति का पालन करता है। ऐसे में ईरान का यह दावा भारत के लिए सामरिक, आर्थिक और कूटनीतिक तौर पर चिंता बढ़ाने वाला है। विश्लेषकों के मुताबिक उत्तरी हिंद महासागर में किसी भी संघर्ष का असर भारत के समुद्री हितों पर सीधे तौर पर पड़ेगा।
