ठाणे में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने की जरूरत पर सवाल उठाया और पूछा कि मौजूदा सांसद ऐसा कौन-सा बड़ा काम कर रहे हैं, जिसके लिए उनकी संख्या बढ़ाने की जरूरत पड़ रही है।
राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि परिसीमन की पूरी प्रक्रिया देश में सत्ता को केंद्र सरकार के हाथों में केंद्रित करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि देश में पहले से 543 सांसद हैं और अलग-अलग राज्यों की समस्याओं पर नजर डालें तो पूरे देश में कड़वाहट लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सवाल किया कि इस प्रक्रिया से राज्यों को क्या हासिल होगा और क्या उन्हें आर्थिक स्वायत्तता भी दी जाएगी।
परिसीमन के संभावित असर पर चिंता जताते हुए राज ठाकरे ने कहा कि भविष्य में उत्तर और दक्षिण भारत के बीच टकराव होना तय है। उनके मुताबिक, उत्तर भारत की आबादी बढ़ रही है, जबकि दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और गोवा जैसे राज्यों के साथ भविष्य में अन्याय हो सकता है। महाराष्ट्र को दक्षिण भारत का हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि मुगल काल में इस क्षेत्र को दक्कन कहा जाता था और अंग्रेजों ने भी इस शब्द का इस्तेमाल किया था।
राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि परिसीमन की प्रक्रिया राज्यों को केंद्र सरकार पर निर्भर बनाए रखने और देश में सत्ता का केंद्रीकरण करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे की गहराई से जांच करने पर कई और बातें सामने आएंगी। एनसीपी (एसपी) के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने शरद पवार का जिक्र किया और कहा कि जंतर-मंतर पर उनका रुख पहले ही स्पष्ट हो चुका है। अपने बयान में 'खोका यंत्र' का जिक्र करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि भले ही यह रास्ता दिखा रहा हो, लेकिन असल में यह 'धोखा यंत्र' है।
