लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिहार में 2027 तक 50 लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर यह एलान किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार चिराग पासवान के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
पार्टी का मकसद पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। इसके तहत विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय नेटवर्क मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। संगठन की यह ताकत चुनाव के दौरान प्रचार, मतदाताओं तक पहुंच और बूथ प्रबंधन में काम आएगी।
सूत्रों के मुताबिक, इस सांगठनिक कवायद का एक अहम राजनीतिक पहलू एनडीए में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना भी है। गठबंधन में सीटों का बंटवारा जनाधार, पिछले चुनावों के प्रदर्शन और संगठन की मजबूती के आधार पर होता है। लोजपा (रामविलास) सदस्यता अभियान के जरिये उन क्षेत्रों में भी मौजूदगी बनाना चाहती है, जहां अभी उसका संगठन सीमित है, ताकि सीटों के बंटवारे के दौरान अधिक सीटों की मांग के समर्थन में अपनी सांगठनिक क्षमता पेश की जा सके।
हालांकि, 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य तभी चुनावी ताकत में बदलेगा, जब सदस्यता अभियान सक्रिय कार्यकर्ताओं और मजबूत बूथ नेटवर्क में तब्दील हो।
