प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने वर्धमान ग्रुप के चेयरमैन और उद्योगपति एसपी ओसवाल से डिजिटल अरेस्ट के जरिए सात करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में सात आरोपितों के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की है। ईडी के जालंधर जोनल कार्यालय ने 25 नवंबर को विशेष पीएमएलए अदालत, जालंधर में यह शिकायत दाखिल की। आरोप है कि ठगों ने खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसियों और न्यायपालिका का अधिकारी बताकर एसपी ओसवाल से यह रकम वसूली थी। ईडी की जांच लुधियाना के साइबर क्राइम पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी।

जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम पहले मेसर्स रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स के बैंक खातों में जमा कराई गई और फिर कई अन्य खातों में भेज दी गई। रिग्लो वेंचर्स के खाते से रकम दो से पांच लाख रुपये की छोटी किस्तों में 48 अन्य लोगों के बैंक खातों में स्थानांतरित की गई, जहां से तुरंत नकदी निकाल ली जाती थी। आरोप है कि इन खातों का इस्तेमाल करने के बदले संबंधित लोगों को नकद और क्रिप्टोकरेंसी के रूप में कमीशन दिया जाता था। ईडी के मुताबिक, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को ऋण दिलाने और रोजगार देने का झांसा देकर उनके बैंक खाते खुलवाए गए थे। जांच में शेल कंपनियों और ट्रेड आधारित मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए रकम विदेश भेजने का नेटवर्क भी सामने आया है।

जांच के अनुसार, फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स के बैंक खातों का नियंत्रण गुवाहाटी के रूमी कलिता और कानपुर के अर्पित राठौर के पास था। आरोपित रकम को तेजी से एक खाते से दूसरे खाते में भेजने के लिए एपीके आधारित 'एएमएमफारवर्ड' एप्लीकेशन का इस्तेमाल करते थे। अर्पित राठौर ने कंबोडिया और वियतनाम से जुड़े लोगों को भी म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। रूमी कलिता को 23 दिसंबर 2025 और अर्पित राठौर को 31 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था।

रिग्लो वेंचर्स के बैंक खातों का संचालन सोहेल अख्तर उर्फ राजू कर रहा था, जिसे ईडी ने इस नेटवर्क का प्रमुख संचालक बताया है। आरोप है कि वह लोगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के लिए भर्ती करता था और नेपाल में बैठे अपने विदेशी सहयोगी के निर्देश पर खाते जुटाता था। यह सहयोगी 'प्रिस्ट' नाम से काम कर रहा था और इसके बदले सोहेल को क्रिप्टोकरेंसी और नकदी के रूप में कमीशन मिलता था। सोहेल अख्तर को 28 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। ईडी अब तक इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है और 14 फरवरी 2026 को 1.76 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से अटैच की गई थी। इससे पहले 19 फरवरी 2020 को रूमी कलिता, अर्पित राठौर, आनंद चौधरी, अतनु चौधरी और उनकी कंपनी फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की गई थी। अब 25 नवंबर 2026 को दाखिल पूरक शिकायत में सोहेल अख्तर उर्फ राजू, अमरचंद सरकार, अली, राकेश अली, गोआम मुर्तजा, आलोक रंगी और रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड को आरोपित बनाया गया है।