ढाका/नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना सड़क मार्ग से देश लौटने पर विचार कर रही हैं। उन्होंने 16 दिसंबर को वतन वापसी की घोषणा कर रखी है, लेकिन तारिक रहमान की सरकार ने साफ कर दिया है कि वे भारत से प्रत्यर्पण संधि के तहत ही बांग्लादेश आ सकती हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक शेख हसीना जमीनी सीमा चौकी के जरिए बांग्लादेश जाने के विकल्प पर विचार कर रही हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि बांग्लादेश अवामी लीग के नेताओं और समर्थकों ने पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा से लगी सीमा के कुछ बिंदुओं का जायजा लिया है। रिपोर्ट के अनुसार पेट्रापोल-बेनापोल सीमा चौकी एक प्रमुख विकल्प है, जो पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित है और दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा जमीनी बंदरगाह है। भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय व्यापार और लोगों की आवाजाही का यह प्रमुख केंद्र रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक हवाई मार्ग से लौटने में शेख हसीना के लिए इसलिए मुश्किल है क्योंकि अब उनके पास वैध पासपोर्ट नहीं है। मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने 22 अगस्त 2024 को उनका डिप्लोमेटिक पासपोर्ट रद्द कर दिया था। इसके अलावा 16 फरवरी 2025 को उनका राष्ट्रीय पहचान पत्र भी रद्द किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार लंदन स्थित 'मैट्रिक्स चैम्बर्स' ने नई दिल्ली में बांग्लादेशी उच्चायोग को पत्र लिखकर पूर्व प्रधानमंत्री के लिए राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की है। शेख हसीना इससे पहले तारिक रहमान सरकार से उन्हें वापस बांग्लादेश ले जाने के लिए विमान भेजने की मांग कर चुकी हैं, जिसे खारिज किया गया है।

शेख हसीना की वापसी को लेकर तारिक रहमान की सरकार ने साफ किया है कि वे प्रत्यर्पण संधि के तहत ही देश आ सकती हैं। बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि उनका देश 'आतंकवादियों को पासपोर्ट जारी नहीं करता है।' वहीं विदेश मामलों की एक और राज्य मंत्री शामा ओबैद इस्ला ने कहा है कि अगर शेख हसीना वापस लौटती हैं तो उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया जाएगा। बांग्लादेश ने भारत से प्रत्यर्पण संधि के तहत शेख हसीना को भेजने का फिर से आग्रह किया है।