नई दिल्ली: दिल्ली में संगठन को मजबूत करने और केंद्र तथा दिल्ली सरकार की गतिविधियों को जनता तक बेहतर ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली प्रदेश की 15 सदस्यीय कोर टीम की घोषणा की है। इस टीम में प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के अलावा सरकार, संगठन और जनप्रतिनिधियों से जुड़े प्रमुख चेहरों को शामिल किया गया है।

कोर टीम में कुल 12 सदस्य रखे गए हैं, जबकि तीन नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। विशेष आमंत्रित सदस्यों में दिल्ली बीजेपी के प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, सह-प्रभारी जम्यांग शेरिंग नामग्याल और दर्शना जरदोश शामिल हैं। टीम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पंजाब के सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक सतीश उपाध्याय को भी जगह मिली है।

सात सांसदों में से रामवीर सिंह बिधूड़ी और मनोज तिवारी को टीम में शामिल किया गया है। विधायक अरविंदर सिंह लवली के अलावा सरकार के दो मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और अशीष सूद भी कोर टीम का हिस्सा हैं। प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन राणा को भी टीम में रखा गया है। हालांकि, प्रदेश के तीनों महासचिव विष्णु मित्तल, योगिता सिंह और मोहन लाल गिहारा में से किसी को भी टीम में जगह नहीं मिली है।

जानकारों के मुताबिक राजनीतिक दृष्टि से यह कोर टीम अहम मानी जा रही है। केंद्र के अलावा दिल्ली सरकार और एमसीडी में भी बीजेपी शामिल है, ऐसे में संगठन और सरकारों के बीच तालमेल बनाए रखना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, सांसदों, विधायकों और मंत्रियों को शामिल करने से सरकार और संगठन एक साझा राजनीतिक मंच पर आ सकेंगे, जिससे सरकार के कामकाज और संगठन की जमीनी गतिविधियों के बीच बेहतर तालमेल का रास्ता तैयार होगा।