भले ही सभी टेलीकॉम कंपनियों ने TRAI के निर्देशों के अनुसार सस्ते कॉलिंग प्लान पेश कर दिए हैं, लेकिन Airtel के मामले में ये प्लान उसके ऑफिशियल ऐप और थर्ड पार्टी पेमेंट ऐप्स पर नहीं दिख रहे हैं। खबर लिखे जाने तक ये प्लान सिर्फ एयरटेल की वेबसाइट पर ही उपलब्ध थे। ऐसा देखा गया कि Airtel Thanks ऐप पर रकम डालकर या कीवर्ड से सर्च करने पर भी ये सस्ते प्लान रिजल्ट में नहीं आते। वहीं Jio के ऐप और वेबसाइट दोनों जगह TRAI-mandated प्लान साफ दिख जाते हैं।
दरअसल TRAI ने कंपनियों को बिना इंटरनेट डेटा वाले ओनली-कॉलिंग प्लान लाने और उन्हें अपने ऐप व वेबसाइट पर साफ-साफ दिखाने के निर्देश दिए थे, ताकि यूजर्स इन्हें आसानी से सर्च कर सकें। Airtel ने मुख्य तौर पर 185, 203 और 206 रुपये के कॉलिंग प्लान पेश किए थे, जो थर्ड पार्टी पेमेंट ऐप्स पर भी नहीं मिल रहे। ऐसे में यह TRAI के निर्देशों का उल्लंघन भी माना जा सकता है।
सस्ते कॉलिंग प्लान रिचार्ज कराने के लिए एयरटेल की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं और अपना नंबर दर्ज करें। सभी प्लान खुलने पर TRAI-mandated प्लान का सेक्शन चुनें, जहां सस्ते प्लान की लिस्ट दिखेगी। सर्च बार में 185, 203 या 206 जैसी रकम डालकर भी प्लान खोजे जा सकते हैं। जरूरत और वैधता के हिसाब से प्लान चुनकर Proceed to Pay पर क्लिक करें और UPI, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग से पेमेंट पूरा करें।
