पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर में रविवार तड़के एक तीन मंजिला मकान के भूतल पर अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में भीषण आग लग गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों की पहचान महेंद्र, उनके चाचा के बेटे ठाकुर, अशोक और सादू के रूप में हुई है। सभी शाहजहांपुर के रहने वाले थे।
आग भूतल पर लगी थी, लेकिन धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। मकान में रह रहे करीब 40 लोगों के सामने बाहर निकलने का संकट खड़ा हो गया। कुछ लोग सीढ़ियों से नीचे उतरकर गली में पहुंचे, जबकि कई लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे। छत के दरवाजे पर ताला लगा था, जिसे लोगों ने किसी तरह तोड़ा। कुछ लोग पड़ोसी की छत पर कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। पड़ोसियों ने भी अपने घरों से पाइप निकालकर पानी की बौछार की और आग बुझाने का प्रयास किया।
दमकल विभाग को रविवार तड़के 4:13 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
मकान मालिक नवीन सैनी हैं, जो कांति नगर में रहते हैं और पीवीसी दाने का कारोबार करते हैं। उन्होंने मकान किराए पर दिया हुआ था। शुरुआती आशंका है कि चार्जिंग स्टेशन में रिक्शे की बैटरी ओवर चार्ज होने के कारण आग लगी।
