उत्तर प्रदेश सरकार ने मां और शिशु को एचआईवी और सिफलिस से बचाने के लिए गर्भवती महिलाओं की इन बीमारियों की जांच अनिवार्य कर दी है। अभी तक यह जांच अनिवार्य नहीं थी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तर प्रदेश की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को पत्र भेजकर जांच के सख्त निर्देश दिए हैं। ये निर्देश सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में लागू होंगे।
पत्र के अनुसार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के दिशा-निर्देशों के तहत मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के आईसीटीसी व पीपीसीटीसी केंद्रों के अलावा वीएचएसएनडी और पीएमएसएमए दिवसों पर एचआईवी व सिफलिस की नि:शुल्क जांच की सुविधा दी जा रही है। एनएचएम ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं में तीसरी तिमाही अथवा प्रसव के दौरान दोबारा जांच (रिपीट स्क्रीनिंग) सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
जांच में किसी बाधा को रोकने के लिए सभी स्क्रीनिंग केंद्रों पर ड्यूल आरडीटी किट की पर्याप्त उपलब्धता, उचित भंडारण, कोल्ड-चेन रखरखाव और इन्वेंट्री प्रबंधन की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य कर्मियों को रिपीट स्क्रीनिंग और किट प्रबंधन पर नियमित प्रशिक्षण व सपोर्टिव सुपरविजन देने को भी कहा गया है। साथ ही, प्रसव के समय या उसके बाद संक्रमण की पहचान होने वाले मामलों की समीक्षा कर एएनसी स्क्रीनिंग व रेफरल तंत्र की कमियों को दूर करने पर बल दिया गया है।
एनएचएम ने स्पष्ट किया है कि जांच में एचआईवी या सिफलिस पाजिटिव पाई जाने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला को समयबद्ध उपचार और आवश्यक देखभाल सेवाओं से जोड़ा जाए। सभी जिलों को स्वास्थ्य इकाइयों पर इन बिंदुओं का अनुपालन सुनिश्चित कराने और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। नोडल एनयूएचएम केंद्र के डॉ. आरके गुप्ता के अनुसार जांच नि:शुल्क होगी। राजनगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. प्रियंका समानिया ने बताया कि केंद्र पर एक, नौ, 16 और 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं की रूटीन जांच की जाती है, अब एचआईवी और सिफलिस जांच भी कराई जाएगी।
