मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व से लगे उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज के मनकी बीट में एक वयस्क बाघिन मृत मिली है। बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा फंसा हुआ था और आशंका है कि फंदा कसने से उसका दम घुट गया। गले पर मिले गहरे घावों से संकेत मिलता है कि बाघिन कई दिनों तक फंदे में फंसी रही और घायल अवस्था में जंगल में भटकती रही, जिसके बाद उसकी जान चली गई।
यह घटना वन क्षेत्रों में शिकारियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे खतरनाक तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मध्य प्रदेश में क्लच वायर के फंदे से वन्यजीवों की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ऐसे फंदों से बाघों और अन्य वन्यप्राणियों की जान जा चुकी है।
बताया जाता है कि क्लच वायर ऑटोमोबाइल दुकानों पर सस्ता और आसानी से मिल जाता है। स्टील के पतले तारों से बना यह तार बहुत मजबूत होता है। वन्यजीव खुद को छुड़ाने के लिए जितना छटपटाता है, फंदा उतना ही कसता जाता है और गहरे घाव कर देता है।
फंदा तैयार करने वाले वायर को मोड़कर उसमें इस तरह खांचे बना लेते हैं कि कसाव की दिशा में गठान सरकती है, पर ढीलाई की तरफ लौटती नहीं है। इससे कसाव लगातार बढ़ता जाता है और वन कर्मियों को इसके उपयोग की तुरंत भनक भी नहीं लग पाती।
