केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह फिलहाल अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर हैं। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब चीन सीमा से सटे इलाके में प्रस्तावित सियांग डैम का विरोध चल रहा है। स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए शाह ने भरोसा दिलाया कि सियांग घाटी के लोगों की सभी चिंताओं का समाधान बातचीत के जरिए किया जाएगा। बांध का विरोध सियांग और अपर सियांग जिलों के कुछ स्थानीय आदि समुदाय के लोग कर रहे हैं, जिन्होंने पैतृक जमीन, गांवों, आजीविका, पर्यावरण और सांस्कृतिक पहचान पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।

राज्य की सहकारी समितियों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शाह ने कहा कि 2014 से 2024 तक केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश को 1,64,664 करोड़ रुपए दिए हैं। उन्होंने राज्य के बजट का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले 12 सालों में यह तीन गुना बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की बाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सीमावर्ती गांवों में सुविधाएं पहुंचाई गई हैं, जिससे चीन सीमा से सटे 40 गांवों से पलायन रुक गया है और इनकी आबादी बढ़ रही है।

गृहमंत्री ने कहा कि इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस और सेना स्थानीय लोगों से सामान खरीद रहे हैं, जिससे महिलाओं के नेतृत्व वाली सहकारी समितियों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने राज्य से दूध, मछली और मांस उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि अमूल और राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड राज्य के पूरे दूध उत्पादन की खरीद करेंगे। उन्होंने कहा कि तेजपुर या गुवाहाटी से सामान लाने के बजाय स्थानीय समुदायों से गांवों की सहकारी समितियों के जरिए खरीद की जा रही है।

शाह ने राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए करीब 32,000 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 2,880 मेगावाट की दिबांग पनबिजली परियोजना, बालीपारा-चारद्वार-तवांग सड़क, नेचिफू सुरंग और दिबांग घाटी में सिसी नदी पर बन रहे पुल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी के बिना अरुणाचल प्रदेश का विकास संभव नहीं है और केंद्र सरकार ने पिछले 12 सालों में रेल, सड़क और हवाई यातायात के जरिए कनेक्टिविटी सुधारने पर जोर दिया है।