तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम पर्व पर दीप जलाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को 24 नवंबर को मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून में पारंपरिक दीप जलाने की एक बार की अनुमति दी थी। दीपथून पहाड़ी के ऊपर स्थित एक पत्थर का स्तंभ है। इस आदेश के एक दिन बाद शनिवार को राज्य के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त ने पुनर्विचार याचिका दाखिल कर दी।

इस कदम पर भाजपा ने राज्य सरकार को घेरा है। पार्टी प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि आईएनडीआई गठबंधन की सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू नहीं करने पर अड़ी हुई है। उन्होंने मामले को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सोच से जोड़ते हुए कई आरोप लगाए। भाजपा का आरोप है कि सरकार का रवैया हिंदू और सनातन धर्म के प्रति विरोधी सोच को दिखाता है।

त्रिवेदी ने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट के शुक्रवार के फैसले को तत्काल लागू किया जाए और राज्य सरकार अदालत के आदेश का पालन करे। भाजपा ने पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के फैसले को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर भी सवाल उठाए हैं।

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की सरकार है, जिसमें कांग्रेस गठबंधन सहयोगी है। भाजपा ने इसी राजनीतिक गठबंधन का हवाला देते हुए राज्य सरकार के कदम पर निशाना साधा है।