केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ड्रग्स की सीमा पार तस्करी रोकने के लिए संयुक्त रूप से चलाए गए 'ऑपरेशन मॉनसून थंडर' की सफलता पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) को बधाई दी है। शाह ने एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा कि इस अभियान के तहत भारत और अमेरिका में की गई गिरफ्तारियां और बरामदगियां नशीले पदार्थों के खतरे को रोकने में भारत-अमेरिका साझेदारी की ताकत का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि नशीले पदार्थों का एक ग्राम भी न तो भारत में आ सके और न ही यहां से दूसरे देशों में जा सके।
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी 'ऑपरेशन मॉनसून थंडर' की सराहना की और इसमें एनसीबी तथा अमेरिकी डीईए की संयुक्त सफलता को रेखांकित किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह अमेरिका-भारत साझेदारी का एक बेहतरीन उदाहरण है। राजदूत ने बताया कि इस ऑपरेशन के तहत एनसीबी ने डीईए के साथ मिलकर एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया, जो पूरे अमेरिका में अवैध नशीले पदार्थ पहुंचा रहा था। इस कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह ऑपरेशन भारत और अमेरिका के बीच कानून प्रवर्धन में सहयोग की मजबूती को दर्शाता है और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए दोनों एजेंसियों की प्रतिबद्धता को जाहिर करता है।
इस मामले में आगे की जांच चल रही है, जिसका मकसद मास्टरमाइंड और ड्रॉपशिपर की पहचान करना, पैसों के लेन-देन का पता लगाना और व्यापक अंतरराष्ट्रीय संबंधों का खुलासा करना है।