प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लखनऊ कार्यालय को जल्द नया भवन मिलने जा रहा है। आइटी सिटी, चक गंजरिया के पास करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर 60 करोड़ रुपये की लागत से यह कार्यालय भवन बनाया जाएगा। निर्माण एजेंसी केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) होगी।

ईडी निदेशक राहुल नवीन सोमवार सुबह प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे रविवार से दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंच रहे हैं और सोमवार को भूमि पूजन के बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

ईडी निदेशक के इस दौरे को नए कार्यालय भवन के निर्माण के साथ-साथ लखनऊ जोन में चल रही जांचों की समीक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे लखनऊ जोनल कार्यालय में चल रहे मामलों की प्रगति और जांच की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान लखनऊ जोन के एडिशनल डायरेक्टर राकेश कुमार सुमन समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

(नोट: प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।)