पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल तथा फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 29 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने वीरवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी और युवाओं से खेल, अनुशासन व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। मैराथन सुबह 5 बजे श्री आनंदपुर साहिब स्थित पंज प्यारा पार्क से शुरू होगी। इस आयोजन के लिए कुल 2.40 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि घोषित की गई है, जो पुरुषों और महिलाओं में समान रूप से बांटी जाएगी।

मैराथन का आयोजन रोटरी क्लब श्री आनंदपुर साहिब कर रहा है, जिसे यूनाइटेड सिख का सहयोग मिला है। इसके कानूनी साझेदार लॉ ऑफिसेज ऑफ गुर मोहन प्रीत सिंह हैं। गुर मोहन प्रीत सिंह ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के सभी न्यायाधीशों को इस पहल में शामिल होकर युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आमंत्रित किया है। आयोजकों के अनुसार न्यायपालिका, खेल जगत और फिटनेस से जुड़े लोगों की भागीदारी नशामुक्त पंजाब के संदेश को मजबूत करेगी।

मैराथन में पंजाब के कई जाने-माने खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें पुशअप मैन के नाम से प्रसिद्ध कुंवर अमृतबीर सिंह शामिल हैं, जिनके नाम फिटनेस और कैलिस्थेनिक्स में 50 से अधिक रिकॉर्ड तथा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं। पैरा-साइक्लिस्ट और राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता जगविंदर सिंह, जिन्हें सुपर सिंह कहा जाता है, अंतरराष्ट्रीय हैवीवेट स्ट्राइकर और वर्ल्ड जिउ-जित्सु चैंपियनशिप पदक विजेता जुझार टाइगर सिंह, अंतरराष्ट्रीय लीग में हिस्सा ले चुके प्रोफेशनल एमएमए फाइटर यदविंदर शिकारी सिंह भी धावकों को प्रेरित करेंगे। मैराथन के आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर युवा मार्शल आर्ट्स पदक विजेता फतेह सिंह गिल अपनी खेल यात्रा से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे।

इस आयोजन को 29 ब्रांडिंग पार्टनर्स का सहयोग मिला है, जिनमें सिंह लेगेसी और बर्न जिम शामिल हैं। बर्न जिम विजेताओं को विशेष जिम सदस्यता भी देगा। मैराथन में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन, 5 किलोमीटर रन और 3 किलोमीटर फन रन होंगे। पहली तीन श्रेणियां समय आधारित प्रतिस्पर्धी दौड़ होंगी, जबकि 3 किलोमीटर फन रन गैर-प्रतिस्पर्धी रहेगा और सभी आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल, आयोजन की टी-शर्ट और जलपान दिया जाएगा। नकद पुरस्कार आयु और पहचान संबंधी दस्तावेजों के सात दिन के सत्यापन के बाद वितरित किए जाएंगे।