दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स का मुकाबला इंडिया-ए और यूएई के बीच खेला जा रहा है। टॉस जीतकर यूएई के कप्तान बासिल हमीद ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत के लिए यह मैच सेमीफाइनल में पहुंचने की दृष्टि से निर्णायक है, क्योंकि टीम को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

यूएई की पारी में हरप्रीत भाटिया ने अर्धशतक जड़ा और 34 ओवर में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 151 रन हो गया। भाटिया 82 रन पर खेल रहे हैं और शतक की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने एथन डिसूजा के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। इससे पहले हर्ष दुबे ने मुहम्मद शहजाद को 28 रन पर आउट करके साझेदारी तोड़ी। शुरुआती झटकों के बाद हरप्रीत सिंह और मुहम्मद शहजाद की जोड़ी ने यूएई को संभाला था।

भारत को पहले ही ओवर में सफलता मिली थी। चौथी गेंद पर हर्षित राणा ने आर्यांश शर्मा को विकेटकीपर कुमार कुशाग्र के हाथों कैच कराया। अरशद खान ने अर्श टंडन को आठ रन पर आउट किया। इस मैच में इंडिया-ए ने तीन बदलाव किए हैं। आयुष बडोनी, विप्रज निगम और प्रिंस यादव की जगह प्रभसिमरन सिंह, अरशद खान और हर्ष दुबे को मौका दिया गया है।

टूर्नामेंट में भारत ने अपने पहले मैच में नेपाल को 306 रनों से हराया था, जबकि दूसरे मैच में तिलक वर्मा की कप्तानी वाली टीम को पाकिस्तान के हाथों 48 रनों से हार मिली थी। इस हार के बाद यूएई के खिलाफ यह मुकाबला भारत के लिए वर्चुअल नॉकआउट जैसा हो गया है।