मोहम्मद सिराज को लेकर कांग्रेस के अंदर ही विवाद खड़ा हो गया है। पार्टी सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि सिराज को नाम के चलते न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खिलाया गया। अब उन्हीं की पार्टी की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने इस टिप्पणी की आलोचना की है और धर्म को खेल से अलग रखने की सलाह दी है।

रंजन ने कहा कि वह मसूद से विनम्र अनुरोध करती हैं कि धर्म और खेल को अलग रखा जाए। उनके मुताबिक खेल में दखलअंदाजी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि खेल का अपना अलग क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के मानदंड अलग हैं और यहां अलग मेरिट चलती है। हर खिलाड़ी का अपना अलग संघर्ष है। उन्होंने यह भी कहा कि खेल या खिलाड़ियों को राजनीति का हिस्सा बनाना स्वीकार्य नहीं है।

गौरतलब है कि मसूद ने आरोप लगाया था कि सिराज को धर्म के कारण न्यूजीलैंड शृंखला के लिए भारतीय टीम से बाहर रखा गया। इस पर सत्तारूढ़ भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी और राजनीतिक ध्रुवीकरण तथा तुष्टीकरण का आरोप लगाया। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि भारत में धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता और न ही किसी को अवसरों से वंचित रखा जाता है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने भारतीय क्रिकेट टीम को भी अपनी वोट बैंक की राजनीति से नहीं छोड़ा और वह सांप्रदायिक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जर्सी पहनने वाला हर व्यक्ति भारतीय है और कांग्रेस हमेशा राष्ट्रीय हितों से ऊपर वोट बैंक की राजनीति को रखती है। बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी, जिस पर सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री सहित कई पूर्व क्रिकेटरों ने सवाल उठाए थे। भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने चयन का बचाव करते हुए कहा था कि टीम का चयन सिर्फ पहले दिन को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि पूरे पांच दिनों की परिस्थितियों को देखते हुए किया गया था।