AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मोहम्मद सिराज को टेस्ट टीम में जगह न मिलने के बीच उनकी तारीफ की है। सहारनपुर में ओवैसी ने कहा कि सिराज बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं और उनके पिता हैदराबाद में ऑटो रिक्शा चलाते थे। उन्होंने कहा कि सिराज ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया है और दुनिया उन मुश्किलों को शायद नहीं जानती। ओवैसी के मुताबिक, सिराज अपनी मेहनत, लगन और इच्छाशक्ति के दम पर भारतीय टीम के लिए कई टेस्ट खेल चुके हैं और 144 टेस्ट विकेट हासिल कर चुके हैं।
ओवैसी ने कहा कि सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है और उन्हें दबाना या लंबे समय तक टीम से बाहर रखना आसान नहीं है। उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि सिराज टीम इंडिया में दमदार वापसी करेंगे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज का उदाहरण देते हुए कहा कि सिराज ने सभी पांच मुकाबले खेले थे, 1,113 गेंदें फेंकीं और सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। ओवैसी ने सिराज के व्यवहार और सादगी की भी तारीफ की और कहा कि उनका चरित्र दूसरों के लिए मिसाल है।
दरअसल, कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि सिराज को धर्म के कारण न्यूजीलैंड शृंखला के लिए टीम से बाहर रखा गया। मसूद ने कहा था कि उनका नाम मोहम्मद सिराज है, इसीलिए उन्हें बाहर किया गया। भाजपा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मसूद पर ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया।
यूपी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि राष्ट्रीय टीम में चयन धर्म के आधार पर नहीं होता और कांग्रेस सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को हवा दे रही है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मसूद ने चुनाव से पहले ध्रुवीकरण को ध्यान में रखकर यह बयान दिया है।
