तुरीन (एपी)। शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने सर्विस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका के बेन शेल्टन को 6-2, 7-6 (4) से हराकर एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली। शेल्टन के खिलाफ ज्वेरेव का करियर रिकॉर्ड अब 7-0 हो गया है। वहीं, शेल्टन का इस टूर्नामेंट में रिकॉर्ड एक-एक हो गया है और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उन्हें संभवतः राफेल जोडार के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच जीतना होगा।

इससे पहले आर्थर फिल्स ने पदार्पण कर रहे अपने साथी जोडार को 4-6, 6-2, 6-2 से हराकर फाइनल्स में अपनी पहली जीत दर्ज की। तीसरी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरे ज्वेरेव ने अपने पहले मैच में जोडार को हराया था और अब उनका रिकॉर्ड 2-0 हो गया है। कार्लोस अल्काराज और जानिक सिनर की चोटों के बाद नंबर एक रैंकिंग मिलने पर हो रही आलोचनाओं के बीच ज्वेरेव ने 2024 फाइनल्स के बाद पहली बार लगातार दो मैचों में शीर्ष-10 खिलाड़ियों को हराया है।

पूरे मैच में ज्वेरेव से केवल 10 अनफोर्स्ड एरर हुए, जबकि शेल्टन ने 24 ऐसी गलतियां कीं। मैच के बाद ज्वेरेव ने कहा, "पहला सेट लगभग परफेक्ट था। जब दो बेहतरीन सर्विस करने वाले खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ खेलते हैं, तो इससे मदद मिलती है। दूसरे सेट के टाईब्रेक में मैंने कुछ शानदार पाइंट खेले, खासकर मैच पाइंट सबसे बेहतरीन रहा।"