असम के डिगबोई में आयोजित 26वें इंडियनऑयल सर्वो मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट के पहले राउंड में नूंह जिले के गांव कोटा खंडेवला के 24 वर्षीय गोल्फर सौरव राठी ने सात अंडर 65 का स्कोर बनाकर दो शॉट की बढ़त हासिल की। एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में उन्होंने आठ बर्डी लगाईं, जबकि 18वें होल पर एक बोगी का सामना करना पड़ा। चुनौतीपूर्ण डिगबोई गोल्फ लिंक्स कोर्स पर 120 खिलाड़ियों में से केवल 29 ही अंडर-पार स्कोर बना सके। दिल्ली के अंशुल कबठियाल और ओम प्रकाश चौहान पांच अंडर 67 के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
सौरव की सफलता के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है। उन्होंने नूंह स्थित आईटीसी क्लासिक गोल्फ रिजार्ट में कैडी के रूप में काम करते हुए गोल्फ की शुरुआत की थी। उनके पिता भी कैडी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2019 से वह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में नियमित रूप से खेल रहे हैं। हाल ही में अहमदाबाद में आयोजित क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के फाइनल चरण में 17वां स्थान हासिल कर उन्होंने नए सीजन के लिए पूर्ण सदस्यता और खेलने का अधिकार प्राप्त किया।
टूर्नामेंट से एक दिन पहले सोमवार को गोल्फ कोर्स की गीली सीढ़ियों पर फिसलने से उनके बाएं पैर में चोट लग गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने शानदार खेल दिखाया। पहले राउंड में उन्होंने 14 में से 12 फेयरवे और 15 ग्रीन इन रेगुलेशन हिट किए। सौरव ने अपने प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि यह अच्छा राउंड रहा और नए सीजन की शुरुआत शानदार रही। पहले नौ होल के बाद उनका स्कोर पांच अंडर था, इसके बाद 11वें, 12वें और 14वें होल पर बर्डी लगाकर उन्होंने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। चोट के कारण उन्हें अपनी गति धीमी रखनी पड़ रही है, जिसका उन्हें फायदा भी मिल रहा है।
